पंचकूला , अगस्त 07 -- हरियाणा सरकार संत शिरोमणि गुरु रविदास के समता, सामाजिक न्याय, मानवता और भाईचारे के संदेश को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान चलाएगी।

करीब सात महीने तक चलने वाले इस अभियान में गांव, शहर और बस्ती स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र में करीब पांच एकड़ भूमि पर संत गुरु रविदास धाम का निर्माण किया जाएगा, जिसका काम जल्द शुरू होने की बात कही गई है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पंचकूला में गुरु रविदास के 650वें प्रकाश पर्व के कार्यक्रमों के लिए गठित राज्य स्तरीय समिति की पहली समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि 'गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान' 20 फरवरी, 2027 तक पूरे प्रदेश में चलेगा।

उन्होंने कहा कि अभियान के अलग-अलग चरणों में कार्यक्रम आयोजित कर गुरु रविदास की शिक्षाओं और वाणी को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। विशेष जोर नई पीढ़ी को उनकी शिक्षाओं से परिचित कराने पर रहेगा।

अभियान का एक प्रमुख हिस्सा गुरु रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से लाई गई पवित्र मिट्टी की कलश यात्रा है। अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को सीर गोवर्धनपुर से हुई थी, जहां पवित्र मिट्टी से युक्त कलशों का पूजन कर उन्हें विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों को सौंपा गया था।

इन कलशों को अब राज्य, जिला और ग्राम स्तर तक पहुंचाया जा रहा है। जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी को स्थानीय मंदिरों की मिट्टी में विधिवत मिलाकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में इसे हर गांव, शहर और बस्ती में घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।

श्री सैनी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास के समता, सेवा, भक्ति, सामाजिक न्याय, मानवता और सामाजिक समरसता के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और विभिन्न वर्गों को सामाजिक एकता के सूत्र में जोड़ना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत-महापुरुषों की शिक्षाएं किसी एक समाज तक सीमित नहीं होतीं। गुरु रविदास ने सदियों पहले समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने का प्रयास करने के साथ समानता और भाईचारे का संदेश दिया था, जो आज भी प्रासंगिक है।

बैठक में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि कुरुक्षेत्र में करीब पांच एकड़ भूमि पर संत गुरु रविदास धाम बनाया जाएगा और इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू होने वाला है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने बताया कि अभियान को संचालित करने के लिए प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर समितियों का गठन किया गया है। अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों और धार्मिक आयोजनों में सभी समुदायों की सम्मानजनक भागीदारी सुनिश्चित करने की बात भी कही गई है।

मुख्यमंत्री ने अभियान के विभिन्न चरणों में होने वाले हर कार्यक्रम के लिए अलग समिति गठित करने को कहा। उन्होंने राज्य स्तरीय समिति के सदस्यों से समयबद्ध तरीके से जिम्मेदारी निभाने और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा, राज्यमंत्री राजेश नागर, कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी सहित राज्य स्तरीय समिति के सदस्य और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित