चंडीगढ़ , सितंबर 22 -- हरियाणा सरकार ने रोहतक के जींद बाईपास चौक पर फ्लाईओवर निर्माण को मंजूरी दे दी है।

लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियंता मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि फ्लाईओवर और संपर्क मार्गों के निर्माण के लिए 91.97 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। परियोजना हरियाणा राज्य सड़क एवं पुल विकास निगम (एचएसआरडीसी) द्वारा एनसीआरपीबी ऋण सहायता योजना के तहत पूरी की जाएगी।

श्री गंगवा ने कहा कि सड़क अवसंरचना को मजबूत करना, यातायात जाम कम करना और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। जींद बाईपास चौक रोहतक का प्रमुख यातायात जंक्शन है, जहां जींद, नरवाना, पानीपत और हिसार की ओर जाने वाले वाहनों के साथ दक्षिणी बाईपास और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का यातायात भी गुजरता है।

उन्होंने बताया कि बढ़ते शहरीकरण के कारण चौक पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इस मार्ग पर प्रतिदिन करीब 10,000 से 12,000 पीसीयू यातायात दर्ज किया जाता है। वाहनों के क्रॉसिंग और टर्निंग के कारण व्यस्त समय में जाम और देरी की स्थिति बनती है।

मंत्री ने कहा कि प्रस्तावित फ्लाईओवर से यातायात प्रवाह बेहतर होगा और वाहनों के क्रॉसिंग व टर्निंग से होने वाले टकराव कम होंगे। इससे जाम और यात्रा में देरी घटने के साथ सड़क सुरक्षा में भी सुधार होगा।

फ्लाईओवर का निर्माण रोहतक-जींद रोड पर एप्रोच मार्गों सहित किया जाएगा। सरकार प्रदेश की बढ़ती यातायात जरूरतों को देखते हुए प्रमुख सड़क परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित