चंडीगढ़ , सितंबर 14 -- हरियाणा लोक उद्यम ब्यूरो के अध्यक्ष मोहन लाल कौशिक की अध्यक्षता में सोमवार को हरियाणा सिविल सचिवालय स्थित एनआईसी कॉन्फ्रेंस हॉल में विभिन्न संस्थानों के विकास कार्यों, गतिविधियों और आगामी योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में आगामी गन्ना पेराई सत्र की तैयारियों पर विशेष रूप से चर्चा की गई।मोहन लाल कौशिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गन्ना किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और पेराई सत्र शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि चीनी मिलों का संचालन सुचारू और व्यवस्थित तरीके से होना चाहिए तथा किसानों को गन्ने का भुगतान निर्धारित समय सीमा में मिलना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने और संबंधित संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को मिलों तक फसल पहुंचाने से लेकर भुगतान प्राप्त करने तक किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

बैठक में मुख्यमंत्री के कार्यवाहक सचिव भरत भूषण भारती, वित्त विभाग के विशेष सचिव मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। हारको बैंक, हाफेड, हरियाणा डेयरी विकास सहकारी संघ, हरियाणा राज्य सहकारी संघ, सहकारी चीनी मिलों तथा हरियाणा वित्तीय निगम के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

अधिकारियों ने पीपीटी प्रस्तुतियों के माध्यम से संस्थानों की वर्तमान प्रगति, कार्यकुशलता, विकास गतिविधियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। करनाल, सोनीपत, पानीपत, पलवल, जींद, शाहबाद, महम, कैथल, रोहतक और गोहाना की सहकारी चीनी मिलों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित