चंडीगढ़ , अक्टूबर 15 -- हरियाणा सरकार विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को वर्ष 2026-27 के राज्य स्तरीय महिला पुरस्कारों से सम्मानित करेगी।

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने बताया कि इन पुरस्कारों के लिए पात्र महिलाओं से पांच नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

सुश्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। सामाजिक सेवा, प्रशासन, उद्यमिता, खेल, पंचायती राज और महिला कल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करने का उद्देश्य उनकी उपलब्धियों को पहचान देना और अन्य महिलाओं को प्रेरित करना है।

उन्होंने बताया कि सुषमा स्वराज पुरस्कार के तहत पांच लाख रुपये, इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार के तहत 1.50 लाख रुपये तथा कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार और बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार के तहत एक-एक लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा, लाइफटाइम अचीवर्स पुरस्कार के तहत 51 हजार रुपये और उत्कृष्ट उपलब्धि पुरस्कार के तहत 21 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। सभी चयनित महिलाओं को नकद पुरस्कार के साथ प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

सुषमा स्वराज पुरस्कार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को दिया जाएगा। इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार महिला एवं बाल कल्याण, संरक्षण और पुनर्वास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं के लिए है। कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार साहसिक कार्यों और अनुकरणीय सेवाओं के माध्यम से महिलाओं को प्रेरित करने वाली महिलाओं को मिलेगा।

बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों की उन महिला प्रतिनिधियों को दिया जाएगा, जिन्होंने महिला सशक्तीकरण के लिए उल्लेखनीय कार्य किया हो। लाइफटाइम अचीवर्स पुरस्कार 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए निर्धारित है, जिन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में दीर्घकालीन उपलब्धियां हासिल की हों।

उत्कृष्ट उपलब्धि पुरस्कार के तहत एएनएम, नर्स, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, खिलाड़ी, सरकारी कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, महिला उद्यमी और साक्षर महिला समूहों की सदस्यों सहित विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।

पात्र महिलाएं पुरस्कारों की पात्रता, दिशा-निर्देश और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी विभाग की वेबसाइट पर प्राप्त कर सकती हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित