चंडीगढ़ , जनवरी 21 -- हरियाणा विधान सभा परिसर में वीरवार को राज्य स्तरीय सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
यह कार्यक्रम नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर मनाये जा रहे पराक्रम दिवस के उपलक्ष्य में हरियाणा योग आयोग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है। इस अवसर पर हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में विधान सभा सचिवालय के अधिकारी कर्मचारी तथा योग प्रेमी बड़ी संख्या में भाग लेंगे। हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य के नेतृत्व में आयोग की टीम प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाएगी। कार्यक्रम पूर्वाह्न 10 बजे विधान भवन के सेरेमोनियल गेट के समीप आयोजित किया जाएगा। आयोजन के दौरान योग के महत्व इसके शारीरिक और मानसिक लाभों पर भी प्रकाश डाला जाएगा। आयोग द्वारा बताया गया कि सूर्य नमस्कार न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मानसिक संतुलन और अनुशासन को भी मजबूत करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित