जयपुर , जून 29 -- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से सोमवार को यहां मुलाकात की1श्री कल्याण ने श्री देवनानी से राजस्थान विधानसभा भवन में यह मुलाकात की जो उनकी शिष्टाचार भेंट थी।
इस अवसर श्री देवनानी ने श्री कल्याण का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा उन्हें "दो वर्ष नवाचार" पुस्तक की प्रति, राजस्थान विधानसभा के लोगो की प्रतिकृति, राजस्थान विधानसभा की नियमावली तथा विधानसभा समितियों से संबंधित प्रकाशन स्मृति-स्वरूप भेंट किए। वहीं श्री कल्याण ने भी श्री देवनानी को हरियाणा विधानसभा की नियमावली एवं विधानसभा समितियों से संबंधित प्रकाशनों की प्रतियां भेंट की।
श्री देवनानी ने श्री कल्याण को राजस्थान विधानसभा के सदन, भवन तथा राजनैतिक आख्यान संग्रहालय का अवलोकन कराया। श्री कल्याण ने विधानसभा भवन की आधुनिक व्यवस्थाओं, सदन की कार्यप्रणाली तथा आख्यान संग्रहालय में संजोई गई राजस्थान की लोकतांत्रिक एवं संसदीय विरासत का अवलोकन किया। उन्होंने राजस्थान विधानसभा में श्री देवनानी के नेतृत्व में किए गए नवाचारों की सराहना करते हुए उन्हें अन्य विधानमंडलों के लिए भी अनुकरणीय बताया।
श्री कल्याण ने कहा कि राजस्थान विधानसभा का भ्रमण उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा। वीर भूमि की महान संस्कृति की झलक के साथ लोकतंत्र की यात्रा एवं महान परम्पराओं की झलक देखी। उन्होंने संग्रहालय को अदभुत बताते हुए उसे भावी पीढियों के लिए प्रेरणा स्रोत बताया। श्री देवनानी ने श्री कल्याण को कॉन्स्टिटयूशन क्लब ऑफ राजस्थान का अवलोकन भी कराया।
श्री कल्याण सिविल लाईन स्थित श्री देवनानी के राजकीय निवास पर भी पहुँचे। यहां श्री देवनानी ने श्री कल्याण का पुष्प गुच्छ एवं दुपट्टा ओढ़ाकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने श्री कल्याण को अपनी पुस्तक "सनातन संस्कृति की अटल दृष्टि" की प्रति भेंट की।
इस दौरान दोनों विधानसभा अध्यक्षों के मध्य भारतीय संस्कृति, लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं, विधानमंडलों में नवाचारों तथा जनकल्याण से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर आत्मीय एवं सार्थक चर्चा हुई। इस दौरान संसदीय संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण तथा राज्यों के मध्य अनुभवों और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को और अधिक बढ़ावा देने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित