चंडीगढ़ , अप्रैल 10 -- ) हरियाणा विधानसभा के प्रथम और द्वितीय श्रेणी अधिकारियों का कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह प्रशिक्षण विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के प्रयासों से हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान, पंचकूला के सेक्टर-25 स्थित केंद्र में दो दिनों तक चार सत्रों में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को एआई और मशीन लर्निंग की मूलभूत अवधारणाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। एआई के प्रकार 'सुपरवाइज्ड, अनसुपरवाइज्ड और रीइन्फोर्समेंट लर्निंग' के बीच अंतर स्पष्ट किया गया। साथ ही, शासन और सार्वजनिक सेवाओं में एआई के प्रभावी उपयोग के तरीकों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में एआई के नैतिक पहलुओं पर विशेष जोर दिया गया, जिसमें निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही जैसे सिद्धांतों को समझाया गया। अधिकारियों को यह भी बताया गया कि सार्वजनिक क्षेत्र की चुनौतियों के समाधान में एआई की भूमिका कैसे महत्वपूर्ण हो सकती है।
यह क्षमता निर्माण कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत 2047' विजन के अनुरूप आयोजित किया गया। साथ ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण द्वारा अधिकारियों को आधुनिक तकनीकों से लैस करने के प्रयासों का हिस्सा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित