पंचकूला , अगस्त 05 -- हरियाणा सरकार ने राज्य की वित्त व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में कदम उठाते हुए 51 नव नियुक्त वित्त अधिकारियों और सहायक वित्त अधिकारियों को दो माह के जिला स्तरीय व्यावहारिक प्रशिक्षण पर भेजने का निर्णय लिया है। इस संबंध में वित्त विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं।
वित्त विभाग के आदेश के अनुसार, लेखा एवं प्रशिक्षण संस्थान , पंचकूला में संस्थागत प्रशिक्षण पूरा करने के बाद इन अधिकारियों को 10 अगस्त से नौ अक्टूबर, 2026 तक राज्य के विभिन्न जिला कोषालयों में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आदेश में प्रत्येक अधिकारी के लिए जिला-वार प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। अधिकारियों को दो अलग-अलग कोषालयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि उन्हें वित्त संचालन, सरकारी लेखा प्रणाली और सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन का व्यावहारिक अनुभव मिल सके।
प्रशिक्षण के लिए अधिकारियों की तैनाती करनाल, कुरुक्षेत्र, पलवल, फरीदाबाद, नूंह, सोनीपत, सिरसा, फतेहाबाद, पानीपत, गुरुग्राम, रोहतक, रेवाड़ी, अंबाला, पंचकूला, चंडीगढ़, चरखी दादरी, झज्जर, कैथल, हिसार और नारनौल सहित विभिन्न जिला कोषालयों में की गई है।
वित्त विभाग ने संबंधित जिला कोषालय एवं उप-कोषालयों को प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग का उद्देश्य नव नियुक्त अधिकारियों को जमीनी स्तर पर कार्य का व्यावहारिक अनुभव देकर राज्य की वित्तीय प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं दक्ष बनाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित