चंडीगढ़ , अगस्त 10 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों के खातों में 1,595 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर महीने अलग-अलग विभागों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों के खातों में योजनाओं की सहायता राशि पहुंचाने का काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 34.93 लाख लाभार्थियों को 1,124 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 9.98 लाख लाभार्थियों को 209.62 करोड़ रुपये की दसवीं किस्त जारी की गई। दयालु योजना के तहत 6,224 लाभार्थियों को 234.77 करोड़ रुपये तथा हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत 4.94 लाख लाभार्थियों के लिए 19.17 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना की 10 किस्तों में अब तक 2,042.31 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। पहले बजट में इस योजना के लिए 5,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था, जिसे बढ़ाकर 6,500 करोड़ रुपये कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लाडो लक्ष्मी योजना की पात्र महिलाओं का किसी अन्य योजना का लाभ नहीं रोका जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुजुर्गों को पेंशन के लिए अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। किसानों को हरित खेती की ओर प्रोत्साहित करने के लिए भी सरकार लगातार काम कर रही है। हरित खाद के लिए 13,237 किसानों को ढेंचा और मूंग की फसलों के प्रोत्साहन के लिए 7 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित