चंडीगढ़ , सितंबर 07 -- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 430 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती की है। सोमवार को सभी चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र जारी किये गए। नियुक्ति पत्र उम्मीदवारों को भेजे जा रहे हैं।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि नई नियुक्तियों से जिला और उपमंडल सिविल अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी, जबकि एमबीबीएस मेडिकल अधिकारियों की तैनाती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में की जाएगी।

नई भर्ती में सर्जरी के 11, एनेस्थीसिया के 18, ऑर्थोपेडिक्स के 19, पीडियाट्रिक्स के 19, प्रसूति एवं स्त्री रोग के 16, पैथोलॉजी के 18 और मेडिसिन के 14 डॉक्टर शामिल हैं। इसके अलावा नेत्र विज्ञान, मनोचिकित्सा, रेडियो डायग्नोसिस, रेस्पिरेटरी मेडिसिन, डर्मेटोलॉजी, ईएनटी, कम्युनिटी मेडिसिन समेत विभिन्न चिकित्सा क्षेत्रों के विशेषज्ञ भी नियुक्त किए गए हैं।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टरों को आवश्यकता के अनुसार जिला और उपमंडल सिविल अस्पतालों में तैनात किया जा रहा है। इससे सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का विस्तार होगा और मरीजों को उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

वहीं, एमबीबीएस मेडिकल ऑफिसरों की नियुक्ति सीएचसी और पीएचसी में रिक्त पदों पर की जा रही है। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ने के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी।

नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्राप्त होने के 15 दिनों के भीतर अपने निर्धारित स्थान पर कार्यभार संभालना होगा। स्वास्थ्य विभाग ने उम्मीद जताई है कि इन नियुक्तियों से प्रदेश में चिकित्सा सेवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं को नई गति मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित