चंडीगढ़ , जुलाई 14 -- हरियाणा सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए 38 चिकित्सा अधिकारियों को वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) के पद पर पदोन्नत किया है। इस निर्णय से हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन (एचसीएमएसए) की लंबे समय से लंबित मांग पूरी हो गयी है, जिससे सरकारी चिकित्सकों में खुशी और संतोष का माहौल है।

आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि हाल ही में एचसीएमएसए के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव से मुलाकात कर चिकित्सा अधिकारियों की पदोन्नति में हो रही देरी का मुद्दा उठाया था। प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी के पद पर जल्द पदोन्नति की मांग की थी।

स्वास्थ्य मंत्री ने डॉक्टरों की मांग को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को मामले का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने और शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। मंत्री के निर्देशों के बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 38 चिकित्सा अधिकारियों को वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) के पद पर पदोन्नत करने के आदेश जारी कर दिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित