चंडीगढ़ , मई 01 -- हरियाणा में नगर निकायों के करीब 30 हजार सफाई कर्मचारी शुक्रवार से हड़ताल पर चले गये हैं। सरकार और नगर पालिका कर्मचारी संघ के बीच हुई बातचीत बेनतीजा रही, जिसके बाद कर्मचारियों ने आंदोलन तेज करने का फैसला लिया।

संघ के प्रतिनिधियों और शहरी निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक मीणा के बीच हुई बैठक में किसी भी मांग पर सहमति नहीं बन सकी। कर्मचारी नेताओं ने साफ कहा कि जब तक ठेका प्रथा खत्म कर कर्मचारियों को विभाग के रोल पर नहीं लिया जाता और न्यूनतम 30 हजार रुपये वेतन का आदेश जारी नहीं होता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।

बैठक के दौरान विभाग की ओर से सफाई व्यवस्था प्रभावित होने का हवाला देते हुए हड़ताल टालने की अपील की गई, लेकिन संघ ने इसे ठुकरा दिया।

इधर, वार्ता विफल होने के बाद सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए हड़ताली कर्मचारियों का वेतन काटने के आदेश जारी कर दिये हैं।

नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने चेतावनी दी है कि यदि दो मई तक सरकार समाधान नहीं निकालती, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

साथ ही, दमकल केंद्रों पर कर्मचारियों ने पांच दिवसीय क्रमिक भूख हड़ताल भी शुरू कर दी है। फायर कर्मियों के समर्थन में निकाय कर्मचारियों ने भी एक मई से दो दिवसीय हड़ताल का एलान किया है, जिससे प्रदेश में सफाई और आपात सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित