चंडीगढ़ , सितंबर 04 -- हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा है कि कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत और सक्रिय करने के उद्देश्य से प्रदेशभर में 30 सितंबर तक ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की बैठकें आयोजित की जाएंगी। सम्मेलनों में कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति तैयार की जाएगी।

श्री सिंह ने बताया कि शनिवार को नारनौल ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सम्मेलन का नेतृत्व वे स्वयं करेंगे, जबकि मुंडावर के विधायक ललित यादव विशिष्ट अतिथि होंगे। एआईसीसी प्रभारी संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह विभिन्न ब्लॉक स्तरीय सम्मेलनों की अध्यक्षता करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के तहत रविवार को पिगनावां (नूंह) और बादशाहपुर (गुरुग्राम), जबकि सात सितंबर (सोमवार) को शाहबाद ग्रामीण (कुरुक्षेत्र) और साहा (अंबाला) में सम्मेलन होंगे।

श्री सिंह ने कहा कि इन सम्मेलनों का उद्देश्य संगठन विस्तार के साथ जनता के ज्वलंत मुद्दों को मजबूती से उठाना है। बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था, छात्रों की समस्याएं और 'छात्रों की गूंज' जैसे मुद्दों पर कांग्रेस जनता की आवाज बनेगी। राम मंदिर में चोरी की घटना सहित जनभावनाओं से जुड़े मामलों पर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं उठाने और सरकार की नीतियों की वास्तविकता लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित