चंडीगढ़ , अक्टूबर 17 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विशेष जोर दे रही है।

सरकार के लगातार तीसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं, उच्च शिक्षा के अवसर और चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा और कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए पीएम-श्री स्कूलों की तर्ज पर 250 सीएम-ईईई स्कूल खोले गए हैं। इसके अलावा, 900 सरकारी विद्यालयों में आईसीटी लैब स्थापित करने की मंजूरी दी गई है। प्रदेश की 441 अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से करीब एक लाख विद्यार्थियों को नवाचार और अनुसंधान का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नए राजकीय महाविद्यालयों के निर्माण और बुनियादी सुविधाओं के लिए 135 करोड़ रुपये से अधिक जारी किए गए हैं। पिछले 12 वर्षों में प्रदेश में 84 राजकीय महाविद्यालय खोले गए, जिनमें 33 लड़कियों के लिए हैं। सत्रह जिलों में44 करोड़ रुपये की लागत से 350 अटल लाइब्रेरी स्थापित की गई हैं। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विशेष बसों की संख्या बढ़ाकर 893 की गई है। ओबीसी और डीएनटी वर्गों के 41,146 विद्यार्थियों को 35 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है।

स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर मुख्यमंत्री ने बताया कि भिवानी में 593 करोड़ रुपये की लागत से पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय और नारनौल के कोरियावास में 844 करोड़ रुपये की लागत से महर्षि च्यवन मेडिकलकॉलेज एवं राव तुलाराम अस्पताल का लोकार्पण किया गया है। प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या वर्ष 2014 के छह से बढ़कर अब 18 हो गई है।

इसके अतिरिक्त, फरीदाबाद, कैथल, कुरुक्षेत्र और पंचकूला में 220 करोड़ रुपये की लागत से पांच नर्सिंग कॉलेज खोले गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 18 अक्टूबर 2024 से सभी नागरिक जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में किडनी रोगियों के लिए निशुल्क डायलिसिस सुविधा शुरू की गई है। सरकार का उद्देश्य शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाकर प्रदेशवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित