चंडीगढ़ , मई 21 -- हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने बुधवार को बताया कि यह अभियान 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक चलेगा और मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को होगा।

श्रीनिवास ने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर जनगणना करेंगे। फॉर्म वापस न मिलने पर वे पड़ोसियों से पूछकर "अनुपस्थित", "स्थानांतरित", "मृत" या "डुप्लिकेट" कारण दर्ज करेंगे। बीएलओ को प्रत्येक घर में कम से कम तीन बार जाने के निर्देश हैं। मसौदा सूची में शामिल न होने वाले मतदाताओं की बूथवार सूची पंचायत भवनों, शहरी निकाय कार्यालयों और बीडीपीओ कार्यालयों में लगाई जाएगी।

राजनीतिक दलों से बीएलए-1 और बीएलए-2 नियुक्त करने को कहा गया है। अब तक 14,520 बीएलए की सूची मिली है, जिसमें भाजपा के 6,438, कांग्रेस के 7,704 और सीपीआई (एम) के 165 शामिल हैं। बीएलए फॉर्म-6 और घोषणा पत्र साथ रखकर नये मतदाता जोड़ने में मदद करेंगे।

हरियाणा में अंतिम एसआईआर 2002 में हुआ था। जनगणना फॉर्म 15 जून से वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। हेल्पलाइन 1950 सुबह सात से रात नौ बजे तक सक्रिय रहेगी।

प्रदेश में कुल मतदाता 2,06,52,760 और बूथ 20,629 हैं। अब तक 64.16 प्रतिशत मतदाताओं का चुनावी मानचित्रण पूरा हुआ है। फतेहाबाद 86.56 प्रतिशत के साथ सबसे आगे है, जबकि फरीदाबाद 29.66 प्रतिशत के साथ सबसे पीछे है। ऊंची इमारतों में बीएलओ की पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित