रोहतक , जुलाई 11 -- हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि राज्य की खिलाड़ी हितैषी खेल नीति और खिलाड़ियों की प्रतिभा, समर्पण एवं उत्साह ने हरियाणा को देश का अग्रणी खेल राज्य बना दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खिलाड़ियों ने सबसे अधिक पदक जीतकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है।

रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में अंडर-23 सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप के उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों और अधिकारियों को संबोधित करते हुए खेल मंत्री ने कहा कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी करना हरियाणा और रोहतक के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस चैंपियनशिप से कई युवा पहलवान आगे चलकर एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का आयोजन पूरी पारदर्शिता और बेहतर व्यवस्थाओं के साथ किया जा रहा है। भारतीय कुश्ती महासंघ और आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रदेश की खेल संस्कृति को और मजबूत करेगा। हरियाणा कुश्ती संघ के अध्यक्ष रमेश बोहर और आयोजन समिति की भी उन्होंने सराहना की।

मीडिया से बातचीत में श्री गौतम ने बताया कि सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश में 114 करोड़ रुपये की लागत से 42 नये स्टेडियम बनाये जा रहे हैं, जबकि विभिन्न स्टेडियमों में रखरखाव और वातानुकूलन के कार्य भी जल्द पूरे किए जाएंगे।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि खेलों में राजनीति के लिए कोई स्थान नहीं है और सरकार का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराना है। कानून व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि जघन्य अपराधों के दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जींद यात्रा को उन्होंने ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे हरियाणा को कई नयी विकास परियोजनाओं का लाभ मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित