चंडीगढ़ , अप्रैल 09 -- हरियाणा में विकास कार्यों को गति देने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए 10से अधिक विभागों की खरीद प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दे दिया है। यह निर्णय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति की बैठक में लिया गया।

बैठक में हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन, डीएचबीवीएन, एचएसआईआईडीसी, पीडब्ल्यूडी, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड समेत कई विभागों की परियोजनाओं पर करीब 1,028 करोड़ रुपये खर्चको मंजूरी दी गयी। बोलीदाताओं से बातचीत के जरिए लगभग 96 करोड़ रुपये की बचत भी सुनिश्चित की गयी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरी हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और वे स्वयं प्रगति की समीक्षा करेंगे।

खरीद प्रक्रिया के तहत 11 मीटर पीसीसी पोल, सिंगल और थ्री-फेज मीटर और 25 किलोवाट ट्रांसफार्मर की खरीद को मंजूरी मिली। वहीं 'हर-हित' योजना के तहत Rs.29 करोड़ की वस्तुओं की खरीद भी स्वीकृत की गयी।

इन्फ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में करनाल में होम गार्ड प्रशिक्षण केंद्र, गुरुग्राम में पंपिंग स्टेशन, पंचकुला में अटल पार्क और शूटिंग रेंज सहित कई परियोजनाओं को मंजूरी दी गयी। इसके अलावा पानीपत, भिवानी और पलवल में पर्यावरण एवं जल प्रबंधन से जुड़ी परियोजनाएं भी स्वीकृत की गयी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित