चंडीगढ़ , अक्टूबर 30 -- हरियाणा सरकार ने प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 'बाल सारथी' इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू किया है। महिला एवं बाल विकास विभाग की इस पहल के तहत कॉलेज और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ-साथ इच्छुक नागरिकों को आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के विकास में योगदान देने का अवसर मिलेगा।

शुक्रवार को विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, किसी भी कॉलेज या विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थी और प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा में रुचि रखने वाले समुदाय के लोग इस कार्यक्रम के लिए आवेदन कर सकते हैं। इंटर्नशिप की अवधि दो से छह महीने निर्धारित की गई है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी आंगनवाड़ी केंद्रों में खेल आधारित शिक्षण गतिविधियों के आयोजन में सहयोग करेंगे। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की मदद करते हुए बच्चों के सीखने और उनके सर्वांगीण विकास में योगदान देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित