चंडीगढ़ , मई 22 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सौर ऊर्जा उत्पादन पर विशेष ध्यान दे रही है। आने वाले दो वर्षों में राज्य में 500 मेगावाट क्षमता के नये सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किये जाएंगे।

सोमवार को सचिवालय में नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान, पंचायत और सरकारी भवनों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के काम में तेजी लाई जाये। पीएम-कुसुम योजना के तहत किसानों को सोलर पंप पर 75 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है। अब तक प्रदेश में 65,000 से अधिक सोलर पंप स्थापित किये जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों की छतों पर चरणबद्ध तरीके से सोलर रूफटॉप लगाये जाएंगे। इससे बिजली बिल में कमी आएगी और कार्बन उत्सर्जन घटेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए पंचायतों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित