चंडीगढ़ , सितंबर 04 -- हरियाणा सरकार की ओर से राज्यभर में चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के सुचारू एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने राज्य और जिला स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। यह जानकारी शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने शुक्रवार को दी।

उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा निदेशालय ने अभियान के राज्य स्तर पर सफल क्रियान्वयन और समन्वय के लिए राज्य एनसीसी/एनएसएस अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार को राज्य नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वह प्रदेशभर में अभियान से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी करेंगे और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे।

इसके अलावा, जिला स्तर पर अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिला उच्च शिक्षा अधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों को संबंधित जिलों का जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि 'सेवा संकल्प अभियान' का उद्देश्य युवाओं और छात्रों में सामाजिक सेवा, समर्पण तथा नैतिक मूल्यों की भावना को मजबूत करना है। उच्च शिक्षा विभाग के माध्यम से कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को अभियान से जोड़कर जनहित के कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने सभी नवनियुक्त नोडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में तत्परता से कार्य करने और अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों का पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा का संदेश पहुंचाने और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित