चंडीगढ़ , मई 29 -- हरियाणा पर्यटन निगम द्वारा 30 मई को दूसरी हेरिटेज एंड सिटी वॉक का आयोजन किया जाएगा। 'आओ चलें अपनी विरासत के साथ' अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और पर्यटकों को प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों से जोड़ना है।
पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा सोनीपत के एथनिक इंडिया, राई में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यहां से खालसा मेमोरियल तक विशेष वॉक निकाली जाएगी।
यह वॉक शनिवार सुबह छह से आठ बजे तक प्रदेश के सात प्रमुख स्थलों पर आयोजित होगी। इनमें पिंजौर, मोरनी हिल्स, कुरुक्षेत्र, सूरजकुंड, रेवाड़ी, बल्लभगढ़ और एथनिक इंडिया, राई शामिल हैं। प्रतिभागियों को ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी देने के लिए हेरिटेज गाइड भी तैनात किये जाएंगे।
पिंजौर में यादवेंद्र गार्डन और भीमा देवी मंदिर स्थल, मोरनी में मोरनी किला, कुरुक्षेत्र में ज्योतिसर तीर्थ और महाभारत अनुभव केंद्र, जबकि सूरजकुंड में ऐतिहासिक जलाशय और असोला-भाटी वन्यजीव अभयारण्य का भ्रमण कराया जाएगा।
कार्यक्रम के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये शुल्क रखा गया है। प्रतिभागियों को पानी, चाय, कॉफी, रिफ्रेशमेंट आदि उपलब्ध कराई जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित