पंचकुला , अगस्त 05 -- हरियाणा पुलिस और राज्य प्रवर्तन ब्यूरो ने बिजली विभाग के लंबित मामलों के निस्तारण के लिए चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 219 मामलों का निपटारा कर 4.67 करोड़ रुपये से अधिक की राशि की वसूली की है।

पुलिस महानिदेशक नवदीप सिंह विर्क के निर्देश पर गत 17 से 31 जुलाई तक चले 'विशेष बिजली मामला निपटान अभियान' की समीक्षा बुधवार को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रवि किरण माटा ने शक्ति भवन, पंचकूला में की। बैठक में पुलिस अधीक्षक ताहिर हुसैन सहित सभी उप पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे।

बैठक में एडीजीपी ने कहा कि अभियान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी। उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करने वाली पुलिस टीमों की सराहना की और अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन वाले जिलों को अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान एक लाख से पांच लाख से अधिक राशि वाले विवादित मामलों को प्राथमिकता दी गई। कुल 219 मामलों का निस्तारण कर 4,67,67,229 रुपये की राशि का समाधान किया गया। गुरुग्राम डिवीजन ने सबसे अधिक 1.26 करोड़ रुपये की राशि से जुड़े 53 मामलों का निस्तारण किया, जबकि फरीदाबाद ने 72.78 लाख रुपये की वसूली कर जिलों में पहला स्थान प्राप्त किया।

अंबाला डिवीजन ने 20.02 लाख रुपये , हिसार डिवीजन ने 18.64 लाख तथा करनाल डिवीजन ने 16.30 लाख से अधिक की राशि की वसूली की। अधिकारियों ने बताया कि एक लाख से दो लाख की श्रेणी के 135 मामलों का निस्तारण कर 1.71 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का समाधान किया गया।

एडीजीपी ने कहा कि ऐसे अभियान बिजली विभाग के राजस्व की वसूली तेज करने और लंबित मुकदमों का बोझ कम करने में प्रभावी साबित हो रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित