यमुनानगर , सितंबर 09 -- हरियाणा में यमुनानगर के ऊंचा चंदना में बुधवार को आयोजित ब्लॉक स्तरीय कांग्रेस सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा मुख्य रूप से शामिल हुईं।
मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है। आम जनता तो छोड़िए, विधायक, पूर्व विधायक और सांसद भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्हें जेलों से और विदेश से गैंगस्टरों द्वारा फिरौती की धमकियां दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री को पंजाब दौरे छोड़कर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में धान की फसल तैयार है और 15 सितंबर से खरीद शुरू होनी चाहिए, लेकिन एमएसपी पर खरीद नहीं हो रही और किसानों को गन्ने का उचित भाव नहीं मिल रहा। देश में बेरोजगारी बढ़ रही है, 100 से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं और सरकार संविधान को कमजोर कर रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी जब आवाज उठाते हैं, तो उनके खिलाफ मुकदमे दर्जकर दिये जाते हैं। श्री गांधी के खिलाफ अब तक 38 मुकदमे दर्ज किये जा चुके हैं, लेकिन वह डरने वाले नहीं हैं।
कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में ठेका प्रथा खत्म करने का वादा किया है। सरकार को सफाई कर्मचारियों से बात कर उन्हें नियमित करना चाहिए। हड़ताल से गंदगी और बीमारियां फैल रही हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता संतुष्ट नहीं है, ग्रामीण-शहरी सभी दुखी हैं, उद्योग बदहाल हैं, किसानों को भाव नहीं मिल रहा और भाजपा धर्म-जाति के नाम पर लोगों को बांटना चाहती है।
सम्मेलन में जिला अध्यक्ष शहरी देवेंद्र सिंह, ग्रामीण अध्यक्ष नरपाल सिंह गुर्जर और कांग्रेस के अन्य नेता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित