चंडीगढ़ , अप्रैल 22 -- हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने अंबाला में वाहनों के पंजीकरण में कथित धांधली के मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे राज्य में जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी उप-मंडल (नागरिक) कार्यालयों और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों की गहन जांच राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से करवाई जाए।

मंत्री ने राजस्व और परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिवों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उनका कहना है कि अनियमितताएं केवल अंबाला तक सीमित नहीं हो सकतीं, इसलिए राज्य स्तर पर जांच जरूरी है। अंबाला में अधूरे पतों पर अन्य राज्यों में वाहन पंजीकरण के मामले सामने आए हैं।

उन्हाेंने कहा कि ढीली निर्माण सामग्री जैसे रेत, मिट्टी और धूल ढोने वाले वाहनों पर भी सख्ती बरती जाएगी। बिना ढके परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम और प्रदूषण नियंत्रण नियमों के तहत चालान किए जाएंगे। सभी वाहनों को तिरपाल से ढकना अनिवार्य किया गया है।

स्टेज कैरिज स्कीम-2016 के उल्लंघन पर भी कड़ा रुख अपनाया गया है। निजी बस ऑपरेटरों को चेतावनी दी गई है कि वे छात्रों, रियायती और फ्री-पास धारकों को यात्रा सुविधा देना सुनिश्चित करें। इस पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

इसके अलावा, शहरों में भारी वाहनों के अनधिकृत प्रवेश को रोकने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने कहा कि ऐसे वाहनों के कारण ट्रैफिक बाधित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित