चंडीगढ़ , जनवरी 10 -- ) हरियाणा सरकार वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वर्ष 2025-26 के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान करेगी। इन पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र व्यक्ति तथा संस्थाएं सरकार द्वारा निर्धारित पोर्टल के माध्यम से 12 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे और निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
राज्य स्तरीय इन पुरस्कारों के अंतर्गत शतायु सम्मान, श्रेष्ठ माता सम्मान, साहस एवं वीरता पुरस्कार, आजीवन उपलब्धि पुरस्कार सहित कई श्रेणियां शामिल की गई हैं। इसके अलावा वरिष्ठ कलाकारों जैसे चित्रकार, मूर्तिकार, संगीतकार, गायक एवं नृत्य कलाकारों को भी सम्मानित किया जाएगा। वरिष्ठ खिलाड़ियों के लिए भी अलग से पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।
संस्थागत श्रेणियों में श्रेष्ठ ग्राम पंचायत, श्रेष्ठ स्वैच्छिक संस्था (एनजीओ), श्रेष्ठ वृद्धाश्रम तथा श्रेष्ठ डे-केयर सेंटर को सम्मानित किया जाएगा। चयनित पुरस्कार विजेताओं को सम्मान के साथ नकद राशि भी प्रदान की जाएगी।
सरकार का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं कल्याणकारी योगदान को मान्यता देना तथा इस क्षेत्र में कार्य कर रही संस्थाओं को प्रोत्साहित करना है। अधिक जानकारी एवं आवेदन से संबंधित विवरण के लिए आवेदक संबंधित विभाग या सरकारी पोर्टल पर संपर्क कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित