चंडीगढ़ , जून 20 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में क्लीन एयर प्रोजेक्ट फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट और एआई डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने शनिवार को इन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 3,647 करोड़ रुपये की लागत वाले क्लीन एयर प्रोजेक्ट में नौ विभाग मिलकर कार्य करेंगे। परियोजना की निगरानी के लिए विशेष प्रयोजन बोर्ड (एसपीबी) गठित किया जाएगा, जिसकी हर तीन माह में समीक्षा बैठक होगी।

उन्होंने कहा कि 474 करोड़ रुपये की लागत से पंचकूला में राज्य स्तरीय एआई डेटा सेंटर और गुरुग्राम में जीएआईसी स्थापित किया जा रहा है। साथ ही 40 करोड़ रुपये की लागत से उद्योगों के लिए स्किल कोर्स, सहयोगी कार्यशालाओं और प्रशिक्षण हेतु दो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाए जाएंगे। प्रदेश में जल्द ही एआई सैंडबॉक्स, हरियाणा डेटा एक्सचेंज और स्टेट डेटा लेक प्लेटफॉर्म भी शुरू किए जाएंगे।

क्लीन एयर परियोजना के तहत गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और झज्जर में 500 इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जाएंगी तथा 200 चार्जिंग स्टेशन स्थापित होंगे। इसके अलावा पराली जलाने की घटनाओं में कमी, डस्ट एवं वेस्ट मैनेजमेंट क्षमता बढ़ाने, उद्योगों में स्वच्छ तकनीकों को बढ़ावा देने और एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग के लिए दो मोबाइल वैन शुरू की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में जल्द ही हरियाणा डेटा एक्सचेंज नीति लाई जाएगी। साथ ही एआई गुरुकुल भी शुरू किया जाएगा, जहां युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित प्रशिक्षण देकर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित