चंडीगढ़ , अक्टूबर 20 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों की देखभाल, किसानों के सम्मान, युवाओं को अवसर, महिलाओं की सुरक्षा और बुजुर्गों को सहायता देकर राम राज्य की भावना के अनुरूप कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक नागरिक को समान अवसर व सम्मान मिले।
मुख्यमंत्री मंगलवार को लाडवा में जय भारत कला मंच की ओर से आयोजित विजयदशमी उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीराम की आरती की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने जय भारत कला मंच को 11 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की और विजयादशमी जुलूस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
श्री सैनी ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई, अन्याय पर न्याय और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, संयम, सेवा, दया और नैतिक आचरण की प्रेरणा देता है। उनकी विजय का संदेश है कि शक्ति का उद्देश्य अहंकार नहीं, बल्कि कमजोरों की रक्षा और अन्याय का अंत करना है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। यही राम राज्य का मूल आधार है। विजयदशमी पर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले जलाने के साथ लोगों को अपने भीतर के अहंकार, क्रोध, लोभ, ईर्ष्या और स्वार्थ जैसी बुराइयों को दूर करने का संकल्प भी लेना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित