चंडीगढ़ , जुलाई 29 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि राज्य में सरकारी भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और योग्यता आधारित बनाया गया है, जिससे अब युवाओं को बिना किसी सिफारिश और रिश्वत के केवल अपनी मेहनत और प्रतिभा के आधार पर सरकारी नौकरी मिल रही है।

मुख्यमंत्री श्री सैनी ने पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित ग्रुप-डी के नवचयनित कर्मचारियों के अभिविन्यास कार्यक्रम में 3,586 युवाओं को बधाई दी और छह कर्मचारियों को प्रतीकात्मक नियुक्ति पत्र सौंपे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष में 42,500 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जबकि सरकार के साढ़े 11 वर्षों के कार्यकाल में लगभग दो लाख युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत रोजगार मिला है। उन्होंने नव नियुक्त कर्मचारियों से ईमानदारी, निष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकारी कर्मचारी सुशासन की मजबूत कड़ी हैं और प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रिया की पवित्रता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। पेपर लीक और परीक्षा संबंधी अपराधों पर सख्त कार्रवाई के लिए लोक परीक्षा अधिनियम-2026 लागू किया गया है तथा त्वरित न्यायालय स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए विदेशों में रोजगार के अवसर बढ़ाने और अवैध एजेंटों पर कार्रवाई के लिए सरकार की पहलों का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित