चंडीगढ़ , मई 16 -- हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना सरकार की बेहतरीन पहल है। इससे हरियाणा के लाखों श्रद्धालु लाभ उठा रहे हैं।

योजना के तहत लाभार्थी अयोध्या, प्रयागराज और नांदेड़ जैसे आध्यात्मिक स्थलों की यात्रा कर चुके हैं। श्री गोयल शुक्रवार देर रात दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर तख्त सचखंड श्री हुजुर साहिब नांदेड़ जा रही ट्रेन के यात्रियों का अभिनंदन कर रहे थे। सिरसा से चली इस ट्रेन में सोनीपत और पंचकूला के 56 यात्री शामिल हुए। फतेहाबाद, भिवानी, हिसार, रेवाड़ी और गुरुग्राम के श्रद्धालु भी यात्रा में रवाना हुए।

उन्होंने श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति समृद्ध है और हर धार्मिक व्यक्ति पौराणिक स्थलों पर जाना चाहता है। सरकार ने यह अवसर दिया है। योजना में 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को निःशुल्क तीर्थ यात्रा कराई जा रही है। इसमें वे परिवार पात्र हैं जिनकी वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये तक है।

मंत्री ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए अंत्योदय सरल पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। पात्र व्यक्तियों से विभाग यात्रा से पहले स्वयं संपर्क करेगा। उन्होंने कहा कि योजना इतनी लोकप्रिय है कि अन्य प्रदेश भी इसका अनुसरण कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित