चंडीगढ़ , जनवरी 27 -- अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने ग्रामीण भारत की आजीविका और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से चलाए जा रहे मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर अहम कदम उठाया है।

इसी क्रम में हरियाणा प्रदेश के लिए लखन सिंगला को अभियान का समन्वयक नियुक्त किया गया है हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी हाईकमान के दिशा-निर्देशों और हरियाणा प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद की देखरेख में यह नियुक्ति की गई है।

उन्होंने कहा कि लखन सिंगला का निरंतर समर्पण, संगठनात्मक क्षमता और श्रमिकों किसानों व वंचित वर्गों के अधिकारों के प्रति उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि लखन सिंगला ने पिछले विधानसभा चुनाव में फरीदाबाद क्षेत्र से कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। वे लंबे समय से जनसेवा से जुड़े रहे हैं और जमीनी स्तर पर उनका मजबूत जनाधार है।

उनका अनुभव और संगठनात्मक समझ अभियान को नई ऊर्जा देगा राव नरेंद्र सिंह ने विश्वास जताया कि लखन सिंगला के समन्वयक बनने से हरियाणा में "मनरेगा बचाओ संग्राम" को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। यह अभियान केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा को कमजोर किए जाने के प्रयासों के खिलाफ प्रभावी आवाज बनेगा और ग्रामीण श्रमिकों के काम के संवैधानिक अधिकार की रक्षा करेगा।

कांग्रेस पार्टी का मानना है कि यह अभियान गांव-गांव और पंचायत-पंचायत तक पहुंचकर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम को उसके अधिकार-आधारित मूल स्वरूप में बनाए रखने की लड़ाई को और सशक्त करेगा।

इधर, संगठन विस्तार के तहत हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने महेंद्रगढ़, झज्जर और रोहतक शहरी जिला कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणी को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे पहले 20 जिला कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणी को मंजूरी दी जा चुकी है।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि शेष 10 जिला कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणी का गठन भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। यह प्रक्रिया पार्टी के संगठन सृजन अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत 11 वर्षों के अंतराल के बाद जिला स्तर पर संगठन को मजबूत किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित