पंचकूला , अगस्त 01 -- हरियाणा सरकार ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली बेटियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के लिए राज्यभर में 'रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण' कार्यक्रम शुरू किया है।

इस सत्र में प्रदेश के 1760 सरकारी विद्यालयों में छात्राओं को आत्मरक्षा का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यक्रम के शुभारंभ पर प्रारंभिक शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक जितेंद्र जोशी ने कहा कि आज के समय में बेटियों का आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर होना बेहद जरूरी है। आत्मरक्षा का प्रशिक्षण उन्हें केवल अपनी सुरक्षा करना ही नहीं सिखाएगा, बल्कि कठिन परिस्थितियों में सही और त्वरित निर्णय लेने का साहस भी देगा।

प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को दुपट्टा, चाबी का गुच्छा, बस्ता, कलम और अन्य सामान्य वस्तुओं का आत्मरक्षा में उपयोग करना भी सिखाया जाएगा।

योजना के अनुसार प्रत्येक चयनित विद्यालय में तीन महीने के दौरान 60 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें प्रशिक्षित विशेषज्ञ छात्राओं को विभिन्न आत्मरक्षा तकनीकों का अभ्यास कराएंगे।

शिक्षा विभाग का कहना है कि इस पहल से बेटियों में आत्मविश्वास बढ़ेगा, विद्यालयों में उनकी उपस्थिति बेहतर होगी और उन्हें सुरक्षित वातावरण मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित