चंडीगढ़ , जून 02 -- केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने के साथ-साथ बिजली हानियों को कम करना समय की आवश्यकता है।
चंडीगढ़ में हरियाणा की बिजली कंपनियों और केंद्र प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा बैठक में उन्होंने आधुनिक तकनीकों, स्मार्ट मीटरिंग और प्रीपेड मीटर प्रणाली को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बिजली वितरण नेटवर्क को मजबूत बनाकर उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा में वर्तमान में 16,552 मेगावाट से अधिक बिजली उपलब्ध है, जबकि इस वर्ष अधिकतम मांग 16,454 मेगावाट रहने का अनुमान है।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि राज्य में बिजली की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को बिना बाधा आपूर्ति मिलेगी। उन्होंने बताया कि भविष्य में सभी नये उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर दिये जाएंगे।
श्री मनोहर लाल खट्टर ने स्मार्ट मीटरों और प्रीपेड मीटरिंग के विस्तार को बिजली क्षेत्र में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे लाइन लॉस और बिजली चोरी में कमी आएगी। अधिकारियों ने जानकारी दी कि राज्य का लाइन लॉस 2013-14 के लगभग 34 प्रतिशत से घटकर काफी कम हो चुका है।
बैठक में 'म्हारा गांव-जगमग गांव' योजना की सफलता की भी समीक्षा की गयी। अधिकारियों के अनुसार, राज्य के 6,117 गांवों में अब 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा चुकी है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत हरियाणा ने 22 लाख रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य रखा है, जिनमें से करीब 86 हजार स्थापित किये जा चुके हैं। केंद्रीय मंत्री ने सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक परिवारों को इसका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित