चंडीगढ़ , अगस्त 08 -- हरियाणा में शनिवार को बारिश का दौर जारी रहा। हिसार, महेंद्रगढ़ फतेहाबाद भिवानी, गुरुग्राम, रोहतक और सिरसा के डबवाली समेत कई इलाकों में बारिश हुई। अधिकांश क्षेत्रों में बूंदाबांदी दर्ज की गयी, जबकि रोहतक, झज्जर और फरीदाबाद में भारी बारिश से जलभराव और अन्य घटनाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ।

रोहतक की राजीव कॉलोनी में बारिश के पानी से भरे खाली प्लॉट में डूबने से आठ वर्षीय संतोष की मौत हो गयी। वह भाई-बहनों के साथ खेलने गया था। खेलते समय बच्चे पानी में चले गये और संतोष गहरे पानी में डूब गया। डी-पार्क क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा की कोठी के सामने चार दुकानों के छज्जे भी गिर गये। हादसे के समय वहां कोई मौजूद नहीं था।

फरीदाबाद के ग्रीन फील्ड क्षेत्र में जलभराव के कारण खाली प्लॉट की दीवार टूट गयी। पानी दयालबाग की कई कॉलोनियों के मकानों में घुस गया।

गुरुग्राम के धनवापुर रोड पर जलभराव के कारण बाइक बंद होने पर युवकों को उसे कंधे पर उठाकर पानी से बाहर निकालना पड़ा। जिला प्रशासन ने आठ अगस्त को भी कॉरपोरेट कार्यालयों और निजी संस्थानों के कर्मचारियों को घर से काम करने की एडवाइजरी जारी की।

झज्जर में रेवाड़ी रोड स्थित जलघर की मुख्य दीवार टूट गयी। फतेहाबाद के गांव दहमन में कच्ची छत गिरने से कमला और उसका पुत्र रामदिया मलबे में दब गये, जिन्हें ग्रामीणों ने निकालकर अस्पताल पहुंचाया। नारनौल के छिलरो गांव में पुरानी हवेली ढह गयी, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। हिसार के बुड्डाखेड़ा में मकान पर आकाशीय बिजली गिरने से बिजली फिटिंग और वायरिंग क्षतिग्रस्त हो गयी। पीएलए क्षेत्र में भी जलभराव रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित