चंडीगढ़ , मई 10 -- हरियाणा में कांग्रेसी सांसद कुमारी सेलजा ने हरियाणा में बढ़ते अपराध, नशे और युवाओं के अपराध की ओर बढ़ते रुझान पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगे शौक और सोशल मीडिया की झूठी चमक युवाओं को अपराध की दुनिया की ओर धकेल रही है।

सुश्री सैलजा ने कहा कि कभी विकास और भाईचारे के लिए पहचाने जाने वाला हरियाणा अब रंगदारी, हत्या, फिरौती और गोलीबारी जैसी घटनाओं से भय के माहौल में जी रहा है। संगठित अपराधी गिरोह बेरोजगार युवाओं को मामूली पैसों का लालच देकर अपने जाल में फंसा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे और अवैध हथियारों का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है तथा नाबालिगों तक को अपराध में इस्तेमाल किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है। बेरोजगारी और निराशा का फायदा अपराधी गिरोह उठा रहे हैं। सैलजा के अनुसार कई मामलों में युवाओं को 10 से 15 हजार रुपये देकर व्यापारियों और धनाढ्य लोगों के घरों या प्रतिष्ठानों पर फायरिंग तक करवाई जाती है। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आते रहे हैं कि अवैध हथियार भी आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित