चंडीगढ़ , जुलाई 25 -- हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जबकि यमुनानगर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। सुबह पानीपत, रोहतक और झज्जर में बारिश हुई, वहीं दोपहर बाद हिसार में तेज बारिश दर्ज की गयी।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्व राजस्थान पर बने लो-प्रेशर एरिया और मानसूनी ट्रफ के कारण प्रदेश में नमी बढ़ी है। इसके प्रभाव से 28 जुलाई से बारिश का सबसे प्रभावी दौर शुरू होने के आसार हैं। अट्ठाइस से 30 जुलाई के बीच कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है।
कृषि मौसम केंद्र ने किसानों को कपास के खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने, धान की गहरी रोपाई से बचने और अगले तीन दिनों तक सब्जियों और बागवानी फसलों में सिंचाई टालने की सलाह दी है। साथ ही अधिक नमी के कारण चूसक कीटों की निगरानी रखने और पशुओं को हवादार स्थान पर रखने की भी अपील की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित