चंडीगढ़ , अक्टूबर 22 -- हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष एवं हरियाणा कॉन्फेड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में व्यापारी प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में प्रदेश में बढ़ते अपराध और व्यापारियों से फिरौती मांगने की घटनाओं पर चिंता जताई गई।
श्री गर्ग ने कहा कि विदेशों और जेलों में बैठे अपराधियों द्वारा हरियाणा के व्यापारियों व उद्योगपतियों से फिरौती और मंथली की मांग किए जाने से भय का माहौल बना हुआ है। हिसार, आदमपुर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में फिरौती मांगने की घटनाएं सामने आई हैं। इससे व्यापारी और उद्योगपति अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
उन्होंने कहा कि व्यापारी पहले ही महंगाई, बढ़ते खर्च और विभिन्न टैक्सों की समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में अपराधियों द्वारा करोड़ों रुपये की फिरौती मांगे जाने से कारोबारियों की परेशानियां और बढ़ रही हैं। व्यापारी प्रदेश को करोड़ों-अरबों रुपये का राजस्व देने के साथ लाखों लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराते हैं। इसके बावजूद उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित