चंडीगढ़ , अप्रैल 15 -- हरियाणा सरकार राज्य में आधुनिक और स्मार्ट शहरी परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में पॉड टैक्सी (ग्लाइडवेज) सिस्टम शुरू करने पर विचार कर रही है।

इस कड़ी में जापान की सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन और ग्लाइडवेज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर संभावित साझेदारी पर चर्चा की।

बैठक में परियोजना की व्यवहार्यता, संभावित रूट, निवेश मॉडल और पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत कार्यान्वयन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा और बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रस्तुति में बताया कि ग्लाइडवेज एक स्वचालित, चालक रहित और ऑन-डिमांड सार्वजनिक परिवहन प्रणाली है, जिसमें छोटे स्वायत्त पॉड्स के माध्यम से तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा संभव होगी।

इस परियोजना से यातायात जाम में कमी, यात्रा समय में सुधार और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, यह स्मार्ट सिटी के विकास और सतत शहरी परिवहन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकती है। बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों और कंपनियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित