चंडीगढ़ , जनवरी 27 -- हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए तत्काल प्रभाव से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पांच और एक आईआरपीएस अधिकारी के स्थानांतरण एवं नियुक्ति आदेश जारी किये हैं।
सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार श्री सुधीर राजपाल को गृह, कारागार, आपराधिक जांच एवं न्याय प्रशासन विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान, आयुष तथा पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत थे। उन्हें पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव का कार्यभार भी सौंपा गया है।
डॉ. सुमिता मिश्रा को गृह, जेल, आपराधिक जांच एवं न्याय प्रशासन विभाग से हटाकर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा चकबंदी विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष विभाग का वित्तायुक्त सह अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है।
श्री अरुण कुमार गुप्ता को मुख्यमंत्री का प्रधान सचिव बनाये रखते हुए वित्त एवं योजना विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य सचिव के रूप में कार्यरत थे।
श्री साकेत कुमार को शहरी स्थानीय निकाय विभाग का आयुक्त एवं सचिव नियुक्त किया गया है। उन्हें कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य सचिव का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।
श्री राम कुमार सिंह को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया है। आईआरपीएस अधिकारी विनय कुमार को नगर निगम पंचकूला का आयुक्त, जिला नगर आयुक्त पंचकूला तथा हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग का विशेष कार्य अधिकारी नियुक्त किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित