चंडीगढ़ , मई 22 -- हरियाणा में भारतीय स्टेट बैंक की शाखाओं में अगले पांच दिन कामकाज प्रभावित रहेगा। पच्चीस और 26 मई को बैंक कर्मचारी दो दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे, जबकि इससे पहले लगातार दो दिन शनिवार और रविवार है तथा 27 मई को ईद-उल-जुहा का अवकाश है।

हड़ताल का आह्वान ऑल इंडिया स्टेट बैंक स्टाफ फेडरेशन ने कर्मचारियों की मांगों को लेकर किया है।

फेडरेशन ने भर्ती, पेंशन, आउटसोर्सिंग बंद करने और जबरन क्रॉस सेलिंग रोकने समेत 16 मांगें बैंक प्रबंधन के सामने रखी हैं। हड़ताल के कारण चेक क्लियरिंग, कैश जमा-निकासी, पासबुक अपडेट, नये खाते खोलने और अन्य बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है। खासकर शाखाओं में कर्मचारियों की कमी के कारण कामकाज धीमा रहने की संभावना है।

बैंक प्रबंधन ने इस बीच कहा है कि डिजिटल सेवाएं सामान्य रहेंगी। इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल ऐप, यूपीआई और एटीएम सेवाएं पहले की तरह चलती रहेंगी। ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग कार्य पहले ही निपटाने की सलाह दी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित