चंडीगढ़ , मार्च 27 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में शुक्रवार को दो दिवसीय राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा समाधान संगोष्ठी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह आयोजन राज्य के लिए गर्व का विषय है और इससे देशभर में सड़क सुरक्षा और निर्माण को नई दिशा मिलेगी।

राज्य में पहली बार आयोजित हो रही इस संगोष्ठी में 350 से अधिक विशेषज्ञ, शोधकर्ता और नीति निर्माता भाग ले रहे हैं जो सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गहन चर्चा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल तकनीकी विषय नहीं, बल्कि सामाजिक, मानवीय और नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग की आदत अपनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में हरियाणा में 28,665 करोड़ रुपए की लागत से 43,703 किलोमीटर सड़कों का सुधार किया गया है। इसके अलावा 2,534 करोड़ रुपए खर्च कर 2,417 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण आधुनिक तकनीक से किया गया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत भी 1,077 करोड़ रुपए की लागत से 2,432 किलोमीटर सड़कें बनाई गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित