चंडीगढ़ , मई 10 -- हरियाणा में नगर निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य व उपचुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुए। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और विश्वसनीय बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए।

राज्य निर्वाचन आयुक्त देवेंद्र सिंह कल्याण ने पंचकूला के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, मतदान प्रक्रिया और मतदाता सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदाता को बिना किसी परेशानी के मतदान का अवसर मिले।

नगर निकाय चुनावों के तहत अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगम, रेवाड़ी नगर परिषद तथा धारूहेड़ा, सांपला और उकलाना नगरपालिकाओं में मतदान कराया गया। इसके अलावा विभिन्न नगर निकायों में वार्ड स्तर पर उपचुनाव भी करवाए गए। पंचायती राज संस्थाओं के तहत जिला परिषद, पंचायत समिति, सरपंच और पंच पदों के लिए भी कई जिलों में चुनाव आयोजित किए गए।

निर्वाचन आयोग ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी। कई स्थानों पर माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए तथा वीडियोग्राफी सहित अन्य निगरानी व्यवस्थाएं लागू रहीं। मतदाता सूचियों के सत्यापन, संदिग्ध प्रविष्टियों की जांच और शिकायतों के निपटान के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित