अंबाला , मार्च 12 -- ) हरियाणा में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कांग्रेस ने नई रणनीति तैयार की है। इसी के तहत अब प्रदेश स्तर की बैठकें चंडीगढ़ मुख्यालय की बजाय जिलों में आयोजित की जाएंगी। इस नई पहल के तहत गुरुवार को अंबाला में राज्य स्तरीय बैठक बुलाई गई है।

बैठक में राज्य के सभी 33 जिलों के जिलाध्यक्ष हिस्सा लेंगे। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह करेंगे। इस दौरान जिलाध्यक्षों द्वारा पिछले एक महीने में संगठन को मजबूत करने के लिए किए गए कार्यों समीक्षा की जायेगी। प्रदेश अध्यक्ष संगठन से जुड़े मुद्दों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर जिलाध्यक्षों से विस्तार से चर्चा करेंगे।

कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि जिला स्तर पर बैठकें आयोजित करने से पार्टी की जमीनी स्तर पर गतिविधि बढ़ेगी और स्थानीय कार्यकर्ताओं व नेताओं के साथ बेहतर तालमेल बनेगा। पहले अधिकतर प्रदेश स्तरीय बैठकें चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय में होती थीं लेकिन अब संगठन को जमीनी स्तर तक सक्रिय बनाने के लिए यह बदलाव किया गया है।

अम्बाला में होने वाली इस बैठक में प्रदेश सह-प्रभारी जीतेन्द्र बघेल और प्रफुल्ला गुडाड़े भी शामिल होंगे। वहीं हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बी . के . हरिप्रसाद इन दिनों दिल्ली में हैं और उनके जल्द ही राज्य दौरे पर आने की संभावना जताई जा रही है। बैठक को संगठन की गतिविधियों को गति देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित