चंडीगढ़ , मई 17 -- हरियाणा में जनगणना 2027 के तहत घरों की सूचीकरण और मकानों की गणना (एचएलओ) का कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में घरों की सूची बनाने का काम शुरू हो चुका है। इस संबंध में हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संभागीय आयुक्तों, उपायुक्तों, नगर आयुक्तों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरी जवाबदेही और दक्षता से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना नीति निर्माण, विकास योजनाओं, संसाधनों के आवंटन और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनगणना कार्य में लापरवाही या सहयोग न करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा जनगणना संचालन निदेशक ललित जैन ने बताया कि राज्य में कुल गृह सूची खंडों के 97 प्रतिशत से अधिक में कार्य शुरू हो चुका है। यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, फतेहाबाद, हांसी, चरखी दादरी और फरीदाबाद सहित कई जिलों में 100 प्रतिशत कार्य प्रारंभ हो चुका है।
उन्होंने बताया कि चरखी दादरी 32 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण होने के साथ सबसे आगे है। वहीं फतेहाबाद, हांसी, जींद और महेंद्रगढ़ में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।
नगर निगम क्षेत्रों में पानीपत सबसे आगे रहा, जबकि रोहतक और फरीदाबाद दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। इससे शहरी क्षेत्रों में भी जनगणना कार्य की अच्छी प्रगति देखने को मिल रही है।
बैठक में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन की वित्त आयुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा ने जनगणना प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए नगर समितियों, सरपंचों, पंचों और आरडब्ल्यूए की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने ग्राम सभाओं को जागरूकता अभियानों और सूचना एवं संचार गतिविधियों के माध्यम से जोड़ने की आवश्यकता बताई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित