चंडीगढ़ , मार्च 18 -- हरियाणा के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा है कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडरों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मंत्री के अनुसार, पिछले पांच दिनों में राज्यभर में 2,26,162 घरेलू एलपीजी सिलेंडरों (14.2 किलोग्राम) की आपूर्ति की गई है, जबकि बॉटलिंग संयंत्रों में वर्तमान स्टॉक 11,39,787 सिलेंडरों का है। वहीं, पिछले 30 दिनों में 1,422 व्यावसायिक सिलेंडरों (19 किलोग्राम) की आपूर्ति हुई है और इनका स्टॉक 1,90,088 है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में गैस की समान आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल जैसी कंपनियों के पास पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही, राज्य में 5,000 से अधिक वितरकों के मजबूत नेटवर्क के जरिए प्रतिदिन लाखों सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित