चंडीगढ़ , मार्च 14 -- हरियाणा में गैस सिलेंडर की किल्लत अब साफ तौर पर दिखाई देने लगी है। राज्य के कई जिलों में आज सुबह से ही गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग गयीं। लोग एजेंसियों पर पहुंचकर खुद ही सिलेंडर लेने को मजबूर हैं। फतेहाबाद के टोहाना में तो एजेंसी के दरवाजे खुलने से पहले ही लोगों की भीड़ जुट गयी। लाइन में आगे लगने के लिए लोग दौड़ते हुए दिखाई दिये।
गैस की कमी का असर अब बाजार और कारोबार पर भी पड़ने लगा है। हिसार में कॉमर्शियल गैस की आपूर्ति बाधित होने से होटल और ढाबा संचालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई संचालकों ने खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ाने के संकेत दिये हैं। वहीं पानीपत में चाय की कीमत भी बढ़ गयी है। दुकानदारों ने चाय के दाम में करीब पांच रुपए तक की बढ़ोतरी कर दी है।
उधर, घरेलू गैस उपभोक्ताओं को भी बड़ी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सिलेंडर की डिलीवरी के लिए करीब 25 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। इस स्थिति के कारण उपभोक्ताओं में घबराहट के कारण बुकिंग बढ़ गयी है। लोगों का कहना है कि एक सिलेंडर को 25 दिन तक चलाना मुश्किल हो जाता है, जबकि नयी बुकिंग के बाद डिलीवरी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित