चंडीगढ़ , जुलाई 29 -- हरियाणा के सामाजिक न्याय अधिकारिता अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती पूरे प्रदेश में भव्य सामाजिक समरसता कलश यात्रा के माध्यम से मनाएगी।
इस अभियान के तहत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर काशी (वाराणसी) से पवित्र मिट्टी हरियाणा लाई जाएगी।
श्री कृष्ण बेदी ने यमुनानगर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि गुरु रविदास जी ने समाज को समानता सामाजिक सद्भाव और भेदभाव से मुक्ति का संदेश दिया। उनके 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर हरियाणा के मंत्रियों विधायकों और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रतिनिधियों का एक विशेष दल वाराणसी से पवित्र मिट्टी से युक्त कलश लेकर आएगा।
उन्होंने बताया कि सबसे पहले पवित्र कलश को गुरुग्राम स्थित श्री शीतला माता मंदिर में स्थापित किया जाएगा। इसके बाद इस पवित्र मिट्टी को प्रदेश के सभी 27 संगठनात्मक जिलों में भेजा जाएगा। सामाजिक समरसता कलश यात्रा के माध्यम से यह मिट्टी गांवों और शहरों के मंदिरों तक पहुंचाई जाएगी जहां विधिवत स्थापना कर सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं और भावी पीढ़ी को गुरु रविदास जी के सामाजिक समरसता समानता और मानवता के संदेश से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संतों और महापुरुषों की शिक्षाओं के प्रचार-प्रसार के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्हें विश्वास है कि यह कलश यात्रा हरियाणा में सामाजिक सौहार्द और एकता को नई मजबूती प्रदान करेगी। इस अवसर पर यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित