चंडीगढ़ , अप्रैल 09 -- हरियाणा के सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने बताया कि राज्य में सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण निगम खोला जाएगा। यह घोषणा 2026-27 के बजट में की गयी है और इसकी प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने कहा कि अग्निवीरों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए हरियाणा मंत्रिमंडल ने "हरियाणा अग्निवीर नीति-2024" को मंजूरी दी है, जिसे अगस्त 2026 से लागू किया जाएगा। इस नीति के तहत सरकारी नौकरियोंमें अग्निवीरों के लिए क्षैतिज आरक्षण 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत किया गया है।

राज्य सरकार पूर्व अग्निवीरों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगी और रोजगार गारंटी देने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य बनेगा। अग्निपथ योजना के तहत चार साल की सेवा पूरी करने के बाद जुलाई 2026 में पहला बैच लौटेगा, जिसमें हरियाणा के 1,373 अग्निवीर शामिल होंगे। अग्निवीरों को सेवा अवधि के बाद करीब 11.71 लाख रुपये का सेवा निधि पैकेज मिलेगा। इसके अलावा पुलिस, जेल वार्डन और फॉरेस्ट गार्ड जैसे पदों पर विशेष आरक्षण दिया जाएगा।

स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार तीन साल तक पांच लाख रुपये तक का ब्याज-मुक्त ऋण भी देगी। राज्य में 2014 से अब तक 420 शहीदों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित