चंडीगढ़ , सितंबर 30 -- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा की अध्यक्षता में बुधवार को उच्च स्तरीय क्रय समिति की बैठक आयोजित की गई। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा भी ऑनलाइन माध्यम से इस बैठक में शामिल हुए।

बैठक में आगामी रबी मौसम के दौरान किसानों को उच्च गुणवत्ता वाला प्रमाणित गेहूं बीज समय पर उपलब्ध कराने तथा सरकारी विद्यालयों में कृषि विज्ञान और मृदा स्वास्थ्य से जुड़ी प्रयोगात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने पर चर्चा की गई।

कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज बिना किसी देरी के उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। बैठक में हरियाणा बीज विकास निगम के प्रमुख बीज प्रसंस्करण केंद्रों हिसार, टोहाना, पटौदी, यमुनानगर, सिरसा और उमरी (कुरुक्षेत्र) से प्रदेश के विभिन्न जिलों और ब्लॉक स्तर के 80 से अधिक वितरण केंद्रों तक प्रमाणित गेहूं बीज पहुंचाने के लिए ट्रांसपोर्टरों की माल भाड़ा दरों को अंतिम रूप देकर मंजूरी दी गई।

इसके अलावा प्रदेश के पीएमश्री स्कूलों की प्रयोगशालाओं के लिए मिनी सॉइल टेस्टिंग किट खरीदने की निविदा को भी स्वीकृति प्रदान की गई। विद्यार्थियों को मिट्टी जांच का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा और इसके बाद स्कूल आसपास के गांवों के किसानों के खेतों की मिट्टी का परीक्षण करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित