चंडीगढ़ , अप्रैल 02 -- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा की अध्यक्षता में गुरुवार को विभागीय उच्चाधिकार प्राप्त खरीद समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने और कृषि प्रणाली को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक के दौरान हरियाणा बीज विकास निगम की वार्षिक श्रम निविदा से संबंधित एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इस निर्णय का उद्देश्य बीज खरीद, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और प्रमाणीकरण की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करना है, ताकि किसानों को रियायती दरों पर समय पर उच्च गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए जा सकें।
अधिकारियों के अनुसार, निविदा मंजूर होने से बीज निगम की विभिन्न इकाइयों-हिसार, सिरसा, तोहाना, यमुनानगर, पटौदी और उमरी-में बीज उत्पादकों से कच्चे बीजों की समय पर खरीद सुनिश्चित होगी। इसके बाद बीज प्रसंस्करण, पैकेजिंग और प्रमाणीकरण का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाएगा।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, क्योंकि इससे फसल उत्पादन बढ़ता है और किसानों की आय में सुधार होता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कृषि क्षेत्र को मजबूत करने और किसानों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
बैठक में यह भी बताया गया कि इस निविदा की मंजूरी से सीड कॉर्पोरेशन को लगभग 15 लाख रुपये की बचत होगी जो सरकार की पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन को दर्शाता है।
बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और हरियाणा बीज विकास निगम के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित