चंडीगढ़ , मई 06 -- हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रदेश में कहीं भी पेयजल की कमी नहीं आने दी जाएगी। सरकार प्रदेशवासियों को पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सुश्री चौधरी ने सिंचाई विभाग और जन अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान पेयजल आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पंप लगाकर पानी के टैंकों को समय पर भरना सुनिश्चित किया जाये, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की ओर से संसाधनों या धन की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी, लेकिन ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने प्रदेश के नागरिकों से अपील की कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए पानी का उपयोग केवल आवश्यकता के अनुसार करें और इसके दुरुपयोग से बचें, ताकि सभी को पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके।
उन्होंने बताया कि चार मई 2026 को हांसी ब्रांच में पानी छोड़ा गया था, जो सुंदर सब ब्रांच के माध्यम से भिवानी शहर के जल टैंकों तक पहुंच गया है। इससे भिवानी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति में सुधार होने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित